बहराइच। शहर वासियों को शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने के लिए शासन के निर्देश पर शहरी क्षेत्र में लगभग पांच साल पूर्व अमृत पेयजल योजना की शुरूआत की गई थी। इसके तहत शहर के मुख्य मार्ग से लेकर मोहल्लों के अंदर की सड़कों को खोद कर पाइप बिछाने का काम किया गया है। पाइप बिछाने के बाद सड़क को दुरूस्त करना जिम्मेदार भूल गए। इसका दंश शहर की लाखों की आबादी झेल रही है। आलम यह है, कि शुद्ध पेयजल की आस लगाए बैठे लोगों को पांच साल बाद भी पानी तो नहीं मिला लेकिन उनका सुगम आवागमन दुर्गम हो गया। नगर पालिका क्षेत्र के लगभग सभी 34 वार्डों की हालत यही है और मोहल्लावासी शासन-प्रशासन को कोस रहे हैं। प्रस्तुत है शहर वासियों की इस पीड़ा पर अमर उजाला की पड़ताल करती हुई एक रिपोर्ट....
सीन- 01, छावनी
गड्ढे से पलट रहे ई-रिक्शे
छावनी के पास गली में पेयजल योजना के तहत सड़क की खोदाई कर उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया है जो अब गड्ढे में तब्दील हो गया है। इससे इस सड़क से गुजरने वाले बाइक व ई-रिक्शा सवार चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि कई ई-रिक्शे पलट भी चुके हैं। यही नहीं डीएम चौराहे से घंटाघर, घंटाघर चौराहे से चांदपुरा, रेलवे क्राॅसिंग बख्शीपुरा जाने वाला मार्ग आदि भी खोदाई के चलते खस्ताहाल है।
सीन- 02, ब्राह्मणीपुरा
नाली में गायब हो गई ईंट, चोटिल हो रहे बाइक सवार
शहर के ब्राह्मणीपुरा मोहल्ले की सड़क में नाली के किनारे खोदाई की गई थी और ईंटों को ऐसे ही रख दिया गया जो अब गायब हो गई हैं और धीरे-धीरे कर सड़क गायब हो रही है। इससे बाइक सवार चोटिल हो रहे हैं। यही हाल बड़ीहाट, खत्रीपुरा, दीवानी कचेहरी के सामने, गुदड़ी, अकबरपुरा, मीराखेल पुरा, बशीरगंज, नौवागढ़ी, चांदमारी, सत्तीकुआं, ढपालीपुरवा आदि मोहल्लों के रास्तों का भी है।
सीन- 03, सैकड़ों मीटर का रास्ता बीच से खोदकर छोड़ा
पानी टंकी से छोटी बाजार जाने वाले खत्रीपुरा मार्ग को ठेकेदारों ने बीच से खोद डाला है और पाइप डाली है। पाइप डालने के बाद मार्ग निर्माण के बजाए उसे सीधे पाट दिया है। इससे लगभग हर दिन कई बाइक व साइकिल सवार गिर कर चोटिल हो रहे हैं।
कोट- सड़कों का होगा निर्माण
जर्जर हुई सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। चार जर्जर सड़कों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसमें दो सड़कों की स्वीकृति मिल गई है और एक करोड़ की धनराशि का आवंटन हुआ है।
प्रमिता सिंह- ईओ नपाप