मोतीपुर (बहराइच)। सेमरी मलमला गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर एक ग्रामीण द्वारा आवास का निर्माण कराया जा रहा है। पुलिस और राजस्वकर्मियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को तहसील मुख्यालय पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की।
मोतीपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरी मलमला में गाटा संख्या 611 की 0.120 हेक्टेयर जमीन कब्रिस्तान के नाम दर्ज है। इस पर गांव निवासी रज्जब अली प्रधानमंत्री आवास का निर्माण करा रहा है। इसके विरोध में तीन दिन पहले ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार नवीन कुमार ने लेखपाल को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद लेखपाल ने सिर्फ खानापूर्ति की। मामले में वीडीओ जितेंद्र कुमार ने आरोपी रज्जब अली के विरुद्ध कोतवाली में केस भी दर्ज कराया।
इसके बावजूद प्रतिदिन रात में निर्माण कार्य जारी है। इससे नाराज गांव निवासी तसौवर, रोज अली, कल्लू, नियामत अली, रहमत अली, बाबादीन आदि गुरुवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। जहां सभी ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उपजिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने तत्काल लेखपाल को फोन करके हर हाल में निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर निर्माण कार्य नहीं रुका तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।