मिहींपुरवा (बहराइच)। कस्बे में फुंके चार ट्रांसफार्मर के न बदले जाने तथा विभाग के जिम्मेदार लोगों की ओर से फोन न उठाए जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिजली विभाग की उदासीनता के कारण पांच हजार की आबादी प्रभावित है।
नगर पंचायत मिहींपुरवा क्षेत्र में चार जगहों पर लगे ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले जल गए जो अभी तक बदले नहीं गए हैं। इससे लगभग पांच हजार की आबादी भीषण गर्मी से बेहाल है। बिजली विभाग द्वारा हर 15 मिनट पर की जा रही कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र मोतीपुर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मिहींपुरवा निवासी राजेन्द्र प्रसाद वर्मा तथा विनीत चौधरी ने बताया कि विवेकानंद स्कूल और गुरुद्वारा कालोनी में लगे ट्रांसफार्मर फुंक गए हैं लेकिन उन्हें बदला नहीं गया। ऐसे में लगभग पांच हजार की आबादी बिना बिजली-पानी उमस भरी गर्मी में किसी प्रकार जी रही है।
जेई व एई का फोन नहीं उठता है जिस पर हम लोग अपनी बात कहने के लिए उप केंद्र मोतीपुर आए हैं परंतु यहां भी अधिकारी नदारद हैं। मदन लाल कुशवाहा ने बताया कि बिजली से संबंधित शिकायत 1912 एवं आईजीआरएस पर भी की गई है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। नाराज उपभोक्ताओं ने प्रर्दशन कर शिकायती पत्र सौंपा।