एनएच 28 सी के निर्माण में अनियमितता की जांच करने रविवार शाम को बहराइच पहुंची टीम के सामने ही ठेकेदार कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने सांसद को जान से मारने की धमकी दे डाली। जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। सांसद ने सीओ सिटी को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहराइच से बाराबंकी तक राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 28 सी का निर्माण दिलीप कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रही है। निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायत सांसद सावित्रीबाई फुले ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से की थी। केंद्र सरकार ने मामले की जांच एनएच के अधिशासी अभियंता विजय कनौजिया और सहायक अभियंता अजय कुमार श्रीवास्तव को सौंपी थी।
रविवार देर शाम बहराइच पहुंची जांच टीम ने मौके पर जांच के दौरान सांसद सावित्रीबाई फुले को भी बुला लिया। सांसद के पहुंचने पर मार्ग में गड्ढे होने और पुरानी सड़क की खोदाई में गड़बड़ी की बात सामने आई। इसकी शिकायत करते हुए सांसद ने कार्रवाई की मांग की।
इसी बीच दिलीप कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर भागवत मिश्रा मौके पर पहुंच गए। वह ग्रामीणों पर शिकायत को लेकर भड़क उठे। जिस पर सांसद ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया। इस पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने सांसद से अभद्रता करते हुए उनको जान से मारने की धमकी तक दे दी, जिससे हंगामे की स्थिति बन गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अनूप कुमार ने बताया कि सांसद ने प्रोजेक्ट मैनेजर पर आरोप लगाए हैं। अपशब्दों के साथ अभद्रता और धमकी देने की बात पता चली है। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।