राजीचौराहा (बहराइच)। आसमानपुर गांव निवासी युवा प्रगतिशील कृषक की हार्ट अटैक से लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर जिला कृषि अधिकारी, डीडी कृषि समेत अन्य अधिकारियों ने घर पहुंचकर शोक जताया। मालूम हो कि वर्ष 2012 में गुजरात में आयोजित सम्मेलन में वर्तमान प्रधानमंत्री ने सम्मानित करते हुए उसे 50 हजार का पुरस्कार दिया था।
महसी तहसील अंतर्गत आसमानपुर गांव निवासी शैलेंद्र अवस्थी (33) पुत्र रामकरन अवस्थी जिले में प्रगतिशील किसान की छवि रखते थे। किसानों के दल की अगुवाई अधिकारियों की ओर से कराई जाती थी। शुक्रवार को शैलेंद्र की तबियत अचानक बिगड़ गई। इस पर उन्हें परिवारीजन लखनऊ लेकर गए। यहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई।
चिकित्सकों के मुताबिक युवा किसान की हार्ट अटैक से मौत हुई है। इसकी सूचना पाकर जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पंाडेय, उप कृषि निदेशक डॉ. आरके सिंह, गोदाम प्रभारी मनोज मिश्रा, प्रगतिशील कृषक पंडित हनुमान प्रसाद शर्मा, डॉ. राजेश तिवारी, हर्षित त्रिपाठी, शैलेंद्र मिश्र, किसानमित्र भानुप्रताप सिंह आदि ने घर पहुंचकर शोक जताया।
मालूम हो कि शैलेंद्र की छह माह की बच्ची भी है। मालूम हो कि गुजरात में वर्ष 2012-13 में बाइब्रैंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के चयनित किसानों में जिले की अगुवाई कर रहे शैलेंद्र को 50 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया था। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी ने अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र भी दिया था।