पवही के निकट दुर्घटनाग्रस्त कार। -संवाद
कैसरगंज/चरदा। सड़क हादसों में एक निजी कंपनी के प्रबंधक और एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में दम तोड़ने वाले निजी कंपनी के प्रबंधक श्रावस्ती जिले में तैनात थे, बृहस्पतिवार दोपहर वह लखनऊ से कार से श्रावस्ती जा रहे थे। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
लखनऊ के इंदिरानगर निवासी संजय पाठक (45) श्रावस्ती जिले में एक निजी कंपनी में प्रबंधक पद पर तैनात थे। बृहस्पतिवार सुबह वह ड्यूटी पर जाने के लिए अपने साथी मिर्जापुर निवासी लक्ष्मण प्रसाद के साथ लखनऊ से श्रावस्ती के लिए कार से निकले थे।
कार सवार दोनों कर्मचारी जब दोपहर में नेशनल हाईवे पर कैसरगंज इलाके में ग्राम कोठार के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार संजय पाठक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथी लक्ष्मण प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े। थानाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से सभी को कार के अंदर से निकाला गया। घायल लक्ष्मण प्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कैसरगंज पहुंचाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रोडवेज बस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रुपईडीहा के शिवदास गांव मिर्जापुर चहलवा निवासी मुबारक अली और अली हुसैन नेपाल के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। बुधवार रात दोनों अपने भतीजे बाबू के साथ साइकिल से घर लौट रहे थे। महानंदपुर नहर चौराहे के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मुबारक अली (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी अली हुसैन (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, दुर्घटना के बाद चालक पिकअप लेकर भाग निकला था उसकी तलाश की जा रही है।