बहराइच। बिजली विभाग की ओर से नगर क्षेत्र के 127 बड़े बकाएदारों की सूची तैयार कर सभी पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। इन उपभोक्ताओं पर विभाग का करीब डेढ़ करोड़ से अधिक की बकाएदारी है। कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी उपभोक्ता बकाया धनराशि जमा करने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। अब विभाग ने सभी के खिलाफ आरसी जारी करने की कवायद शुरू कर दी है।
बिजली विभाग की ओर से बेहतर विद्युत आपूर्ति देने की कोशिशों में बड़े बकाएदार बाधक बन रहे हैं। शहर के सिविल लाइंस, बशीरगंज, घंटाघर व हाॅस्पिटल उपकेंद्र के 127 ऐसे उपभोक्ता है, जिनका बिजली का बिल एक से डेढ़ करोड़ तक पहुंच गया है। विभाग ने अभियान चलाकर कई बार उपभोक्ताओं को बकाया धनराशि जमा कराने के लिए नोटिस भी जारी की है। लेकिन उपभोक्ता बकाया जमा करने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। अब विभाग की ओर से सभी उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर उनके खिलाफ सख्ती करने की तैयारी में है।
एसडीओ नगर विजय कुमार ने बताया कि 127 ऐसे उपभोक्ता है जिनके ऊपर डेढ़ लाख से अधिक की बकाएदारी है। कई बार उपभोक्ताओं से लिखित व मौखिक रूप से बकाया जमा करने को कहा जा चुका है। एसडीओ नगर ने बताया कि अब सभी के खिलाफ आरसी जारी कर बकाया वसूली कर जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर एक सप्ताह के अंदर उपभपोक्ता बकाया जमा नहीं करते है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।