संवाद न्यूज एजेंसी
बौंडी(बहराइच)। बौंडी थाना क्षेत्र के औलियापुरवा निवासी गर्भवती संगीता के पति रमेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीती 18 जून को जमीन की रंजिश के चलते छेदीपुरवा गांव निवासी चार दबंगों ने घर में घुसकर उसकी गर्भवती पत्नी, उसे व उसके अन्य परिजनों के साथ मारपीट की थी। इससे संगीता के गर्भ में पल रहे बच्चे को भी चोट आई थी। मंगलवार को प्रसव पीड़ा उठने पर वह उसे लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उपचार से मना कर दिया। इसके बाद वह शहर स्थित प्राइवेट अस्पताल में गए जहां पत्नी की डिलीवरी के बाद नवजात की मौत हो गई। बौंडी प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।