मटेरा/हुजूरपुर। तराई में 25 और 26 सितंबर को आई आंधी-बारिश से मटेरा व हुजूरपुर क्षेत्र की करीब 70 ग्राम पंचायतों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। पेड़ गिरने से कई विद्युत पोल टूट गए और 33 केवी लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक सप्ताह बाद भी आपूर्ति बहाल न होने से ग्रामीण परेशान हैं। मटेरा में बिजली न मिलने से लोग जनरेटर चलाकर पेयजल की व्यवस्था कर रहे हैं। राकेश कुमार ने बताया कि पानी के लिए किराये पर जनरेटर लेना पड़ रहा है। विनय कुमार के अनुसार मोबाइल चार्ज करने तक के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। रात में अंधेरा होने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना है।
हुजूरपुर में विकासखंड मुख्यालय समेत करीब 40 ग्राम पंचायतों और जरवल के करीब एक दर्जन गांवों की आपूर्ति बाधित है। विभाग के अनुसार चिरैयाटांड़ पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि भैंसाही में 33 केवी के पोल पानी में गिरे हैं। हाइड्रा मशीन उपलब्ध न होने से इन्हें खड़ा करने में दिक्कत आ रही है। कर्मचारियों को लगाकर जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।