श्रावस्ती। आंधी-बारिश के बाद पटरी से उतरी ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था छठे दिन भी सुधरी। तीनों तहसीलों जमुनहा, इकौना व भिनगा में बुधवार को भी संकट बरकरार रहा। 500 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल न होने से बुधवार को ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करवाने के लिए दौड़-भाग करते देखा गया।
जमुनहा तहसील क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र उल्लहवा और मल्हीपुर से आपूर्ति पाने वाले 300 से अधिक गांवों की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बदला निवासी पुष्पेंद्र त्रिपाठी, अखिलेश यादव, जमुनहा निवासी राजेश चौधरी आदि ने बताया कि 33 केवी लाइन को सोमवार देर शाम दुरुस्त कर लेने का दावा किया गया था, बावजूद इसके अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फोन करने पर सही से जानकारी भी नहीं दी जा रही है।
शहर में लौटी राहत, गांवों में संकट
इकौना नगर पंचायत व कटरा कस्बे में बिजली आपूर्ति मंगलवार की शाम बहाल हो गई। वहीं, गिलौला व इकौना विकासखंड के गांवों में लगातार छठे दिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत इकौना देहात, मदारा, कंजड़वा, कैलाशपुर, जयचंदपुर कटघरा, गोपालपुर, नरपतपुर, वीरपुर, परशुरामपुर, गोपालपुर, मोहम्मदापुर, दंदौली, तिलकपुर, बंतवारा, रामपुर पैड़ा, सुविखा, मंशुखा सहित 200 से अधिक गांव बुधवार को भी अंधेरे में रहे। गिलौला निवासी सुरेश कुमार, भदई, गोड़ई, प्रदीप गुप्ता आदि ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी प्रकाश व मोबाइल चार्ज करने को लेकर हो रही है। जनरेटर रखने वालों को रुपये देकर मोबाइल चार्ज करना पड़ रहा है।
काम जारी, जल्द बहाल होगी आपूर्ति
आंधी से 400 से अधिक विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर टूट गए थे। सभी एसडीओ, जेई व अन्य कर्मी दिन-रात आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रयासरत हैं। जल्द ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी बहाल हो जाएगी। -राजनरायण, एक्सईएन