उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक रविवार को संगठन के कार्यालय पर हुई। बैठक के बाद एक्सईएन को 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर चेतावनी दी गई कि अगर शीघ्र मांगों को पूरा नही किया गया, तो सभी खंड कार्यालय पर आंदोलन शुरू कर देंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष नफीस अहमद राजू ने कहा कि विभागीय उच्चाधिकारियों की उदासीनता के चलते कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। संविदाकर्मियों के वेतन भुगतन में मनमानी की जा रही है। रेगुलर कर्मचारियों को वर्दी का वितरण नहीं हो रहा। फिक्सेशन व बोनस भुगतान भी नही कराया जा रहा है। संविदा कर्मियों का दो माह का वेतन भुगतान बकाया है।
संविदा कर्मियों को परिचयपत्र वितरण का कार्य भी अधर में है। संघ के अध्यक्ष राजू ने बताया कि मांगों के अर्से से लंबित होने के चलते कर्मचारियों में आक्रोश है। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने एक्सईएन के उदासीन रवैये पर निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए वृहद आंदोलन चलाने की रूपरेखा बनाई।