बेड़नापुर में डाकघर निर्माण के लिए चिन्हित की गई जमीन।
- फोटो : BAHRAICH
तेजवापुर (बहराइच)। विकास खंड के बेड़नापुर में डाकघर आज भी किराये के जर्जर भवन में चल रहा है। यहां कर्मचारी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं, जबकि डाकघर बनवाने के लिए दो दशक पूर्व जमीन तलाश ली गयी थी। इसे डाक विभाग ने अधिग्रहीत किया था। मगर चारदीवारी घेरने के बाद आज तक डाकघर का निर्माण नहीं शुरू हो सका है।
विकास खंड तेजवापुर का ब्लॉक मुख्यालय बेड़नापुर बाजार है। बाजार में सभी विभागों के कार्यालय, बैंक, गोदाम आदि स्थापित हैं। क्षेत्र के लोगों को डाक विभाग की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए डाक विभाग की ओर से यहां उप डाकघर की स्थापना की गयी थी। डाकघर का भवन जर्जर होने के कारण दो दशक पूर्व डाक विभाग ने बेड़नापुर बाजार में करीब पांच बीघा जमीन चिन्हित की थी। भवन के निर्माण के लिए चारदीवारी भी बना दी गई थी, मगर आज तक डाकघर भवन का निर्माण नहीं हो सका है।
आज भी डाकघर जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। हालात यह हैं कि भवन में घुसने के लिए लगा जीना टूटा हुआ है। कर्मचारी जान जोखिम में डालकर जर्जर भवन में काम करने को मजबूर हैं। पोस्ट मास्टर प्रेमचंद्र ने बताया है कि भवन जर्जर होने की सूचना अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक निर्माण नहीं कराया गया है।
भवन मालिक ने भी भेजा पत्र
उप डाकघर के भवन स्वामी घनश्याम मिश्रा की ओर से भवन जर्जर होने के बारे में अधीक्षक डाकघर को पत्र भेजा गया है। उनका कहना था कि 26 अक्तूबर 2018 को भवन के पीछे का हिस्सा टूटकर गिर गया था। जिसमें कुछ कर्मचारी घायल भी हो गए थे। इसकी सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गयी है।
कराई जा रही व्यवस्था
उप डाकघर का भवन जर्जर है। किराये का भवन जर्जर होने के बारे में जानकारी मिली है। उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है। केंद्र सरकार से बजट ने मिलने के कारण जमीन पर भवन का निर्माण नहीं हो पा रहा है। फिलहाल कुछ व्यवस्था कराई जा रही है।
- वेद कुमार मिश्रा, पोस्टमास्टर बहराइच