फ्रूटी में छिपकली मिलने की जांच अभी पूरी भी नहीं हो सकी थी कि शुक्रवार को स्प्राइट की बोतल में पॉलीथिन मिलने से हड़कंप मच गया। जरवल निवासी सभासद अफजाल ने प्यास बुझाने के लिए दुकानदार से स्प्राइट की बोतल मांगी। दुकानदार के बोतल थमाते ही युवक ने जैसे ही उसका ढक्कन खोलने का प्रयास किया तो उसमें पॉलीथिन देख उनके होश उड़ गए। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई है। अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
कोल्ड ड्रिंक पीना अब खतरे से खाली नहीं है। चार दिन पहले फ्रूटी के पाउच में मरी हुई छिपकली निकली थी। फ्रूटी पीकर एक मासूम बालिका की तबियत बिगड़ गई थी। खाद्य सुरक्षा विभाग अभी इस मामले की पड़ताल में जुटा हुआ है। इसी दौरान जरवल कस्बे में शीतल पेय स्प्राइट की सील पैक बोतल में पॉलीथिन निकलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह सभासद अफजाल अपने मित्रों के साथ कस्बे के मोहल्ला बाजदारी स्थित इस्लामुद्दीन की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने 200 एमएल की बोतल दुकानदार से मांगी। दुकानदार इस्लामुद्दीन ने बोतल पकड़ाई। अफजल को बोतल में कुछ तैरने का आभास हुआ। गौर से देखने पर उसमें पॉलीथिन तैरती मिली। इससे सभी सन्न रह गए। दुकानदार ने बोतल वापस ले ली है।
दुकानदार इस्लामुद्दीन ने बताया कि वह कटरा रोड पर स्थित सारिक की एजेंसी से कोल्ड ड्रिंक का स्टॉक मंगवाता है। जिस बोतल में पॉलीथिन निकली है, उसकी पैकिंग 11 जून 2015 की है, जबकि बैच नंबर 8790 है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई है। क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी वागीश मणि ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। नमूना परीक्षण के लिए गोरखपुर प्रयोगशाला भेजा जाएगा।