पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर में बुधवार देर रात जम्मू कश्मीर के पुंछ निवासी तीन युवकों को यात्रियों की सूचना पर पुलिस ने पकड़ लिया। उनसे गुरुवार को भी पूछताछ जारी रही। पूछताछ के बाद जम्मू की पुलिस से संपर्क साधा गया। पुलिस की ओर से पूरी छानबीन के बाद तीनों युवकों को छोड़ दिया गया।
बहराइच से एक प्राइवेट बस यात्रियों को लेकर गोंडा के लिए रवाना हुई थी। बुधवार देर शाम बस में सवार कुछ यात्रियों को संदेह हुआ। बस में तीन युवक बैठे हुए थे। बातचीत के दौरान कुछ संदेह होने पर यात्रियों ने पयागपुर की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष बीपी शर्मा ने बस को रोक लिया था। बस में सवार जम्मू के जिला पुंछ अंतर्गत थाना मंडी के हाटीगुड्डा निवासी मोहम्मद इकबाल (35) पुत्र बशीर और उसके भाई लियाकत हुसैन (22) के साथ ही उनके साथी लियाकत हुसैन (20) पुत्र मोहम्मद ताज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इन सभी के आधार कार्ड व अन्य अभिलेखों की जांच की गई।
इकबाल व लियाकत ने बताया कि वह तहसील मंडी के कादरिया मुस्तफानगर स्थित सहाफुतुल उलूम मदरसा में काम करते हैं। मदरसे के लिए चंदा वसूलने के लिए वह तीनों यूपी में आए हैं। शाहजहांपुर के एक मदरसे में सभी ने अपने कपड़े आदि रख दिए थे।
बहराइच, गोंडा आदि जिलों से चंदा वसूलने के बाद तीनों वापस शाहजहांपुर जा रहे थे। इस बारे में प्रभारी थानाध्यक्ष बीपी शर्मा ने बताया कि जम्मू के पुंछ जिले की पुलिस ने संपर्क साधा गया है। जहां से छानबीन में इनके मदरसे का कर्मचारी होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों से बात के बाद तीनों युवकोें को गुरुवार को सुबह छोड़ दिया गया है।