नानपारा कोतवाली की पुलिस मंगलवार भोर में सोनवा थाना क्षेत्र में दबिश देने गई थी। टीम के लौटते समय आसाम रोड पर अलियाबुलबुल के निकट ओवरटेक करते समय ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। इससे पुलिस जीप 40 फुट गहरे खड्ड में पलट गई। वाहन में सवार देवरिया निवासी सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कोतवाल नानपारा समेत सात पुलिसकर्मी व आरोपी के तीन परिवारीजन घायल हुए हैं।
घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है जबकि मुल्जिम के परिवारीजनों का इलाज नानपारा सीएचसी में चल रहा है। दुघर्टना के बाद चालक ट्रक समेत भाग गया। उसे पकड़ने के लिए आसपास के थानों को अलर्ट जारी किया गया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत शंकरपुर में भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह का पेट्रोल पंप है। बीते सप्ताह बाइक सवार तीन युवकों ने पेट्रोलपंप कर्मी को चाकू मारकर नगदी लूटने की कोशिश की थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को वारदात के दिन ही पकड़ लिया था जबकि मुख्य आरोपी श्रावस्ती जिले के सोनवा का निवासी था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए दो दिन से पुलिस निरंतर दबिश दे रही थी। उसी के चलते मंगलवार भोर में कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक आलोक राव थाने में तैनात दरोगा उमेश यादव, सिपाही जितेंद्र यादव, सुभाष यादव, संदीप यादव, असगर अली, विजय सिंह और रावत यादव के साथ दबिश पर निकले थे। भोर में शमशुद्दीन के कई ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
इस पर आरोपी शमशुद्दीन के परिवार के तीन लोगों को पुलिस वाहन संख्या यूपी 40 जी 0327 में बिठाकर पूछताछ के लिए नानपारा कोतवाली ले जा रही थी। रिसिया थाना क्षेत्र में आसामरोड पर अलियाबुलबुल गांव के निकट आगे जा रहे ट्रक को कांस्टेबिल चालक असगर अली ने ओवरटेक करने की कोशिश की। वाहन के आगे निकलते समय ट्रक ने टक्कर मार दी।
इस पर पुलिस का वाहन 40 फुट गहरे खड्ड में पलट गया। आसपास गांव के लोग दौड़े। रिसिया एसओ संजय दूबे भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सभी को पुलिस वाहन से निकाला गया। लहूलुहान सभी पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल भेजा गया।
यहां पर डॉक्टरों ने सिपाही जितेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया जबकि कोतवाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर देखकर उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। वहीं वाहन में सवार आरोपी के परिवारीजनों को हल्की चोटें आयी थी जिसके चलते उन्हें नानपारा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना पाकर डीएम अजयदीप सिंह, एसपी सुनील सक्सेना, एसपी नगर कमलेश दीक्षित समेत सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। डीएम और एसपी ने कहा कि सभी घायल पुलिसकर्मियों व अन्य के बेहतर इलाज का इंतजाम किया गया है। ट्रक को पकड़ने के लिए क्षेत्र के थानों को अलर्ट कर दिया गया है।