उर्रा (बहराइच)। मुर्तिहा कोतवाली की पुलिस के साथ एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती गांव में संयुक्त जांच अभियान चलाया। बाइक व चार पहिया वाहनों से आ रहे लोगों की जांच कर सुरक्षा परखी। इसके बाद लोगों को आवागमन के लिए जाने दिया गया। पुलिस व एसएसबी जवानों की चौकसी को लेकर ग्रामीण अचंभित रहे।
भारत-नेपाल सीमा पर बसे भगड़िया गांव में मंगलवार देर शाम को कोतवाली मुर्तिहा के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार व एसएसबी 59वीं बटालियन चितलहवा बार्डर आउट पोस्ट के एएसआई राजेंद्र सिंह की अगुवाई में चेकिंग अभियान चला। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवारों को हेलमेट लगाकर चलने की नसीहत दी।
पुलिस और एसएसबी जवानों ने आवागमन कर रहे बाइक सवार व चार पहिया वाहनों के कागजात जांचे। इसके बाद लोगों को आवागमन के लिए छोड़ा। पुलिस और जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत नेपाल सीमा से लेकर गांव तक पुलिसकर्मियों के साथ रूटमार्च कर लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया। पुलिस व जवानों की जांच को लेकर ग्रामीण सशंकित रहे। इस दौरान बटालियन के जवान व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।