बहराइच। भज्जापुरवा निवासी कवि व पर्यावरण प्रेमी मिथिलेश जायसवाल को नेपाल में आयोजित कार्यक्रम में गोस्वामी तुलसीदास स्मृति सम्मान से नवाजा गया है। गुरुवार को कवि के घर पहुंचने पर लोगों ने हर्ष जताया।
नेपाल के नेपालगंज में संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास के जन्म दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मोतीपुर तहसील अंतर्गत भज्जापुरवा निवासी साहित्यकार व पर्यावरण प्रेमी मिथिलेश जायसवाल को भी आमंत्रित किया गया था। नेपाल में मिथिलेश जायसवाल को संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
नेपाल की संस्था ने मिथिलेश के साहित्य संस्कृति, समाज सेवा, राष्ट्र सेवा, लोक कला और अवधी भाषा संरक्षण के लिए अवधी महोत्सव में संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास स्मृति सम्मान से सम्मानित किया। यह आयोजन नेपाल की सर्वोच्च साहित्यिक संस्था अवधी सांस्कृतिक प्रतिष्ठान केंद्रीय कार्य समिति नेपालगंज बांके के अध्यक्ष विष्णु लाल कुमार की ओर से किया गया।
इसमें भारत व नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि नेपालगंज उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नंदलाल वैश ने कहा कि भारत और नेपाल का सदियों से रिश्ता रहा है। इस मौके पर जहीउल हक, वीरेंद्र यादव, मुस्तफा, एहसान कुरेशी, पूर्ण लाल चुके, संतोष शुक्ला, चंदा सिंह, काजल शर्मा, अल्पना, संतोषी सिंह, सुनीता यादव आदि मौजूद रहे।