हुजूरपुर के हरिहरपुर रैकवारी में कार्यशाला के दौरान बच्चों कों पर्यावरण की शपथ दिलाते फ्रेंड्स
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब की ओर से स्कूली बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से अभियान की शुरूआत की गयी है। अभियान के पहले चरण में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया है। इस दौरान छात्रा-छात्राओं और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
हुजूरपुर के हरिहरपुर रैकवारी स्थित केपीएस पब्लिक स्कूल में गुरुवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष भगवानदास लखवानी ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन लगातार बिगड़ता जा रहा है। पेड़ों की अंधाधुंध कटान, पटाखे का अधिक प्रयोग, बढ़ते औद्योगिक कारखाने, खेेतों में पराली जलाने के कारण पर्यावरण प्रदूषण बढत़ा जा रहा है। इससे हम सभी को सचेत रहने की जरूरत है।
इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गयी। सभी ने अपने जन्मदिन पर एक पौध लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या विनी कपूर, शिक्षक विवेक द्विवेदी, अखिल कुमार, शिक्षिका नूरी सिद्दीकी, विशाखा सिंह, निशा शुक्ला आदि मौजूद रहे।