श्रावस्ती। गिनीज बुक में प्रदेश का नाम दर्ज कराने को श्रावस्ती ने भी पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया। 800 मजदूरों ने 38,843 पेड़ लगाए। इन पेड़ों को 44 ग्रिड बनाकर लगाया गया। ये ग्रिड करीब 25 किलोमीटर की लंबाई में हैं।
एक ही दिन में दस अलग-अलग स्थानों में दस लाख पौध रोपण कर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने में श्रावस्ती ने भी अपना लक्ष्य पूरा कर लिया।
शनिवार को सरयू राप्ती योजक मुख्य नहर लगभग 25 किलोमीटर लंबी पटरी पर 44 ग्रिड बनाए गए थे। इन सभी ग्रिडों में 800 मजदूरों से 38843 पेड़ लगाए गए। जिले में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए चलाए गए इस अभियान के तहत 44 ग्रिडों को दो क्षेत्रों में बांटा गया है।
पहला क्षेत्र सरयू नहर खंड तीन में है। जहां 500 मजदूरों ने बीस हजार पौधों का रोपण शुरू किया। वहीं सरयू नहर खंड चार में 300 मजदूरों ने 18843 पौधे लगाए।
कार्यक्रम की देखरेख कंजरवेटर आर हेमंत कुमार, सरयू नहर खंड तीन के अधिशासी अभियंता एपी सिंह की निगरानी में हुई। मौके पर लाए गए पेड़ों की गणना व कार्यों की देखभाल के लिए गिनीज बुक के प्रतिनिधि उदय आनंद भी सुबह से ही मौके पर डटे रहे।
मजदूरों को पौधे लगाने के लिए दो भागों में बांटा गया था। मजदूरों की एक टोली खड्ड खोदने के साथ साथ उसमें खाद पानी डाल रही थी, जबकि दूसरी टोली पीछे से पौधरोपण कर रही थी। कंजरवेटर आर हेमंत कुमार ने कहा कि शीशम, सागौन, सीरस, कदम, जामुन, नीम आदि के पौधे लगाए गए।
डीएम, एसपी ने भी किया पौधरोपण
पौधरोपण महाअभियान के दौरान गुलरा परसोहना गांव के पास नहर के तट पर डीएम आर विक्रम सिंह व एसपी जीएन त्रिपाठी द्वारा भी पौध रोपण किया गया। इस दौरान डीएफओ सीडी यादव मौजूद रहे।
एक ग्रिड में एक प्रजाति
25 किलोमीटर लंबाई में फैले 44 ग्रिडों में अलग अलग प्रजाति के पौधे लगाए गए हैं। प्रत्येक ग्रिड के सामने एक बोर्ड भी स्थापित किया गया है। जिसमें पौधों की कुल संख्या, लगाने की तिथि अंकित की गई है।