बहराइच मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग में भर्ती बीमार बच्चे।
बहराइच। तराई में मौसम की उठा-पटक का सिलसिला लगातार जारी है। जिसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा और तेजी से बाल रोगी बढ़ रहे हैं। मौसम में परिवर्तन के चलते मेडिकल काॅलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में बाल रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बाल रोग विभाग के पीआईसीयू वार्ड में कुल 10 बेड हैं। जहां रविवार को 11 बच्चे भर्ती रहे और वार्ड फुल रहा। एक बेड पर दो बच्चों को भर्ती कर इलाज करते मिले। इनमें से ज्यादातर बच्चे सर्दी जनित बीमारियों से ग्रसित हैं। बाल रोग विभाग के जरनल वार्ड में भी 21 बच्चे भर्ती मिले। इनमें से ज्यादातर निमोनिया, सर्दी, जुखाम व बुखार से पीड़ित हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि मौसम में परिवर्तन का विपरीत असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों को पूरे कपड़ों के साथ ही जूते-चप्पल पहनाकर रखना चाहिए। छोटे बच्चे जिनमें खाना न खाने व तेज सांस चलने की शिकायत हो, तो तुरंत चिकित्सकों को दिखाना चाहिए। किसी भी तरह की सर्दी, जुखाम व बुखार हो तो घरेलू उपचार न करें। उसे चिकित्सक को दिखाएं।