- बहराइच शहर में गुरुवार को नववर्ष की पूर्वसंध्या पर बुके व गुलदस्तों की खरीदारी करती महिला।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। आनंद व उल्लास के साथ नए साल के आगमन की खुशी में लोग जश्न में डूबे रहे। लोगों ने डीजे की धुन पर थिरक कर साल 2020 को विदाई दी और 2021 के आगमन का जश्न मनाया। आधी रात घड़ी में जैसे ही 12 बजे, वैसे ही पटाखों के धूमधड़ाके से पूरा शहर गूंज उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान सतरंगी हो गया। पूरा शहर बिजली की रोशनी से नहा उठा। देर रात तक पार्टियों का दौर चला। लोगों ने डीजे की धुन पर खूब मस्ती की। साथ ही हैप्पी न्यू ईयर बोल कर एक-दूसरे को नए साल की बधाई दी। बाजार मेें भी देर रात तक चहल-पहल बनी रही। गुलदस्ते व बुके की जमकर खरीदारी लोगों ने की। पूरा जिला नए साल के आगमन की खुशी के उल्लास में डूबा रहा।
नए साल के स्वागत में गुरुवार देर रात तक जिले के लोग जश्न में डूबे रहे। जश्न का दौर देर शाम से ही शुरू हो गया था। डीजे की धुन पर नाचते-गाते धूम मचाते जिलेवासियों ने 2020 को अलविदा कहा। रात में 12 बजते ही एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर बोलकर नए साल की बधाई दी। शहर के युवाओं में नए साल के आगमन का एक अलग सा उत्साह दिखा। शहर में खास तैयारियां देखने को मिलीं। गिफ्ट के साथ ही गुलदस्ते व बुके की दुकान और केक की दुकानों को सजाया गया था। लोगों को आकर्षित करने के लिए कई दुकानेें बिल्कुल दुल्हन की तरह सजाई गई थीं। शहर के होटलों व रेस्टोरेंट से लेकर हाईवे के ढाबों पर शाम होते ही लोगों की भीड़ जुट गई। युवाओं को इंतजार था रात में 12 बजने का। जैसे ही रात में 12 बजे, वैसे ही शहर पटाखों की आवाज से गूंज उठा। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर लोगों ने जमकर ठुमके लगाएं। 12 बजते ही लोग मोबाइल पर पहले मैसेज भेजने की होड़ में दिखे। एक-दूसरे को नए साल की बधाई देने के बाद पार्टी का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान लोगों ने जमकर मस्ती की।
खूब बिके गुलदस्ते व बुके
नए साल के आगाज को लेकर गुलदस्ते व बुके की खूब खरीदारी हुई। शहर के डिगिहा तिराहा, पानी टंकी चौराहा, अग्रसेन चौराहा व घंटाघर चौराहे पर गुलदस्तों की दुकानें सजी रहीं। दुकानदारों की मानें तो 31 दिसंबर की रात में आठ लाख रुपये से अधिक की खरीदारी की गई।
गश्त करती रही पुलिस
नए साल के आगमन के उल्लास में कहीं कोई हादसा या अनहोनी न हो जाए। इसके लिए पुलिस सजग दिखी। देर शाम से ही अपने-अपने क्षेत्रों में थानाध्यक्षों ने गश्त शुरू कर दिया। होटलों व रेस्टोरेंटों के आसपास पुलिस की गाड़ियां खड़ीं रही और गश्त जारी रहा।
ग्रीटिंग का बाजार दिखा सुस्त
सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के कारण ग्रीटिंग का बाजार ठंडा दिखा। ग्रीटिंग की दुकानों पर सन्नाटा दिखा। इक्का-दुक्का लोगों ने ग्रीटिंग खरीदे। व्यापारी अद्वैत भूषण ने बताया कि अब सोशल मीडिया पर मैसेज और बधाई देने का सिलसिला तेज हो गया है। ऐसे में बाजार सुस्त रहता है।