बहराइच। जिले के सभी प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में खांसी, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। मेले में महिलाओं और किशोरियों ने भी बड़ी संख्या में पंजीकरण कराकर जांच कराई। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं देने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।
रुपईडीहा प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 35 मरीजों का पंजीकरण किया गया। डॉ. रजनी गुप्ता ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं। मेले में रामकुमार, सुमन, अनीता, रंगीलाल, अनिल और रामसागर सहित कुल 35 मरीजों का उपचार किया गया।
रिसिया प्रतिनिधि ने बताया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नर्सिंगडीहा में आयोजित मेले में डॉ. शुएब ने मालिक राम, पूनम, आशिया, किशोरी लाल, स्वराज, अभिनव, रामफेरन, राजेश और मंजूर की जांच कर दवाएं दीं। इस मौके पर स्टाफ नर्स सुनीता और एलटी मनीष मौजूद रहे।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौगोड़वा में 30 मरीजों की जांच के बाद दवाएं वितरित की गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकीम अहमद ने बताया कि मौसम परिवर्तन के कारण बच्चों में पेट दर्द, खांसी, बुखार और त्वचा रोग के मामले अधिक सामने आए। यहां जावेद अली, रिहाना, रमेश, गोलू और अयान सहित कई मरीजों का उपचार किया गया।
हुजूरपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रमवापुर में 46 मरीजों का पंजीकरण हुआ। डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि ज्यादातर मरीज खांसी और बुखार से पीड़ित रहे।
बाबागंज प्रतिनिधि ने बताया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज में आयोजित जन आरोग्य मेले में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाएं दी गईं और उन्हें स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। आयुष चिकित्सक डॉ. सुरेश गुप्ता ने संक्रमण से बचाव के उपाय बताए। मेले में शुभराजी, वीरेंद्र, लवकुश मिश्र, कासिम अली, मोहित कुमार, साजिया, रुबिया बानो, रुबीना और गुड्डू सहित कुल 48 मरीजों का उपचार किया गया।
पयागपुर प्रतिनिधि के अनुसार सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में कुल 191 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 85 पुरुष, 64 महिलाएं और 42 बच्चे शामिल रहे। खुटेहना, वभनियावा, रामनगर, खजुरी, मुंडेरवा, ठकुराइन और पहलवारा में भी ग्रामीणों का पंजीकरण कर उपचार किया गया।
-
बीपीएम ने किया औचक निरीक्षण
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा-ठकुराइन में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का बीपीएम पयागपुर अनुपम शुक्ल ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में दी जा रहीं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।