बहराइच। जिले के सभी प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में खांसी, सांस की तकलीफ, बुखार और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। इनका उपचार किया गया। कुछ स्वास्थ्य केंद्रों पर पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी बांटे गए।
चित्तौरा प्रतिनिधि के अनुसार गंभीरवा पीएचसी में 38 मरीजों का इलाज किया गया। यहां डॉ. सुहेल अहमद ने बताया कि अधिकांश मरीज बुखार और सर्दी-जुकाम से पीड़ित थे। सभी को दवा देने के साथ बदलते मौसम में स्वस्थ रहने के उपाय भी बताए गए। धरसवां प्रतिनिधि के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जौहरा और कल्पीपारा में कुल 108 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान एनसीडी स्क्रीनिंग, एएनसी और लैब जांच कर मरीजों को दवाएं वितरित की गईं।
रुपईडीहा प्रतिनिधि ने बताया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 33 मरीजों का उपचार डॉ. रजनी गुप्ता ने किया। इनमें सूरज, मुकेश, काजल, माजिद और ननकू सहित अन्य मरीज शामिल रहे। रिसिया प्रतिनिधि के मुताबिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नर्सिंगडीहा में डॉ. शुएब की मौजूदगी में कन्हैयालाल, सलमान, हुसैनी, मेराज, कुसुमा, शिवपाल, कलावती और आशीष सहित कुल 11 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं।
बाबागंज प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज में डॉ. विवेक सिंह और आयुष चिकित्सक डॉ. सुरेश गुप्ता ने मरीजों, बच्चों, किशोरियों और महिलाओं को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कुल 57 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम चौगड़वा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 55 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकीम अहमद ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण पेट दर्द, खांसी, बुखार, दाद, खुजली और दमा के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।