नानपारा(बहराइच)। तहसील क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं किस कदर बदहाल हैं, इसकी एक बानगी बुधवार को एसडीएम के औचक निरीक्षण में देखने को मिली। निरीक्षण में सीएचसी अधीक्षक समेत सात चिकित्सक नदारद मिले। वहीं अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे हजारों मरीज भटकते मिले। यही नहीं एसडीएम के सामने कमीशनखोरी का भी खुलासा हुआ और दर्जनों मरीज बाहरी से लिखी गई दवा की पर्ची लिए मिले। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही। एसडीएम ने मेडिकल स्टोरों का भी निरीक्षण किया। यहां भी पक्की रसीद देता कोई संचालक नहीं मिला।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पर लगातार आरोप लग रहे थे और शिकायत हो रही थी। इसका संज्ञान लेकर सच्चाई जानने के लिए बुधवार को एसडीएम अश्वनी पांडेय ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में खामियों की बौछार लग गई। सीएचसी अधीक्षक समेत सीएचसी पर तैनात सात चिकित्सक नदारद रहे और मरीजों की भीड़ भटकती मिली। यही नहीं अस्पताल परिसर में गंदगी का साम्राज्य मिला। इसके बाद एसडीएम ने अनुपस्थित चिकित्सकों का एक दिन का वेतन रोक दिया। साथ ही सख्त कार्रवाई के लिए सीएमओ को विस्तृत रिपोर्ट भेजने की बात कही।
धड़ल्ले से लिखी जा रहीं बाहरी दवाएं
एसडीएम के निरीक्षण के दौरान कमीशनखोरी का भी भंडाफोड़ हुआ। दर्जनों महिलाओं ने एसडीएम को उनको थमाई गई बाहरी दवा लिखी पर्ची दिखाई। साथ ही गरीबी का हवाला देते हुए अस्पताल के अंदर की दवाएं दिलवाने का आग्रह किया। इस पर एसडीएम ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मेडिकल संचालक भी राजस्व चूना लगाते मिले
शासन की ओर से मेडिकल स्टोरों को पक्का बिल देने का आदेश है। बावजूद इसके एसडीएम ने जब सीएचसी के बाहर स्थित मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया तो सभी जगह संचालक कागज पर दवाओं का रेट जोड़ते मिले। इस पर एसडीएम ने सभी को पक्का बिल देने के लिए चेताया।
ये चिकित्सक मिले नदारद
एसडीएम के औचक निरीक्षण में सीएचसी अधीक्षक डॉ. चन्द्रभान, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुरेश कुमार वर्मा, डॉ. सीबी राम, संविदा डॉ. अरशद जमाल, डॉ. आशा साहू, डॉ. रश्मि वर्मा और कई स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले।
निजी सेंटर चलाने की चर्चाएं तेज
निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में चिकित्सकों के नदारद रहने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। सीएचसी में मौजूद मरीज व उनके तीमारदार चिकित्सकों द्वारा निजी सेंटर चलाने की बातें कहते सुने गए।
कोर्ट आए हैं बयान के लिए
प्रशासनिक कार्य से जिला कोर्ट में बयान के लिए आए हैं। पॉक्सो के एक प्रकरण में मेरा बयान दर्ज किया जाना था। इसी कारण सीएचसी पर मौजूद नहीं हूं। -डॉ. चंद्रभान, सीएचसी प्रभारी
सख्त कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी रिपोर्ट
कई चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले हैं। सभी को अनुपस्थित कर दिया है। सीएमओ को सख्त कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी। कई मरीजों को बाहर की दवाएं व जांच लिखी मिली हैं। इस संबंध में भी रिपोर्ट भेजी जा रही है। - अश्वनी पांडेय, एसडीएम