विशेश्वरगंज के धनुही जूनियर हाईस्कूल का निरीक्षण करते खंड शिक्षाधिकारी कमलेश मिश्र। - स्रोत :वि
विशेश्वरगंज। धनुही जूनियर हाईस्कूल में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कमलेश मिश्र के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। विद्यालय में कुल 527 छात्र पंजीकृत हैं। निरीक्षण के समय मात्र 180 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए, लेकिन मध्याह्न भोजन की व्यवस्था केवल 41 बच्चों के लिए ही की गई थी।
मैन्यू के अनुसार तहरी बनाई गई थी, जिसे सिर्फ 41 बच्चों ने खाया, जबकि बाकी बच्चे भोजन से वंचित रह गए। यह स्थिति एमडीएम योजना में भारी अनियमितता की ओर इशारा करती है।
निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापक भी विद्यालय में मौजूद नहीं मिले। स्टाफ ने बताया कि वह मीटिंग में गए हैं। जानकारी के अनुसार यह विद्यालय पहले भी एमडीएम से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर चर्चा में रहा है। भाजपा नेता दिहलदास मिश्र की ओर से की गई शिकायतों की जांच अभी लंबित बताई जा रही है।
मामले को गंभीर मानते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।