बहराइच। जनपद की छह तहसीलों में आम जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में डीएम व एसपी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। छह तहसीलों में 394 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से 28 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान में दिवस में जिलाधिकारी शंभु कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर व उप जिलाधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उसके निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
संपूर्ण समाधान दिवस में सुभाषनगर निवासी सीमा देवी व जानीलोत के मुल्हे ने रास्ते से अवैध कब्जा हटवाये जाने, भदौली के पंकज कुमार ने चकमार्ग खाली कराये जाने, बल्दीपुरवा के सीताराम ने भूमि की पैमाईश कराये जाने, धरसवां के राजेश ने मुआवजा दिलाये जाने के साथ-साथ अन्य फरियादियों द्वारा प्रस्तुत किये गये प्रार्थना-पत्रों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि के विवाद जिसमें पुलिस की आवश्यकता हो उन्हें पुलिस विभाग व राजस्व विभाग मिलकर निस्तारित करायें। तहसील सदर में 95 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी तरह नानपारा में आए 67 में से 7, मोतीपुर में आए 29 में से 2, कैसरगंज में आए 113 में से 7, पयागपुर में आए 40 में से 2 तथा तहसील महसी में आए 50 में से 5 प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सुरेश सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि डॉ. आरके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. बलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।