एलयू में स्नातक प्रवेश के लिए लगाया गया स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का एक और प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया है। यह प्रमाण पत्र बहराइच जिले की छात्रा द्वारा स्नातक में आवेदन के लिए लगाया गया था।
विश्वविद्यालय में आवेदन के लिए इस्तेमाल किए गए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रमाण पत्रों में अब तक छह फर्जी पाए जा चुके हैं। इनमें से तीन बलरामपुर जबकि एक-एक सुल्तानपुर, लखनऊ और बहराइच का है।
इसके अलावा गोंडा से बने एक प्रमाण पत्र की रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है। दूसरी तरफ आजमगढ़, अंबेडकर नगर सहित विभिन्न जिलों के अभी कुछ और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रमाण पत्र हैं जिनको जांच के लिए भेजा गया है।
बहराइच से मिले फर्जी प्रमाण पत्र का इस्तेमाल करने वाली छात्रा के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। इस साल विश्वविद्यालय में आवेदन के लिए कई फर्जीवाड़े के मामले सामने आ चुके हैं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रमाण पत्र के अलावा बीकॉम में आवेदन के लिए बहुत से अभ्यर्थियों ने फर्जी मार्कशीट का भी प्रयोग किया है। इसमें किसी ने फॉर्म भरते समय अंक अधिक भरे तो किसी ने मार्कशीट में ही छेड़छाड़ करके बदल दिया। इन आवेदकों के डिटेल्स को जांच के लिए अलग किया जा रहा है।