बहराइच। लॉकडाउन के तीसरे दिन बाजारों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा दिख रहा है। दवा खरीदने के लिए एक किलोमीटर तक की लाइन दिख रही है। वहीं दूध, सब्जी, फल व जरूरत के सामान की आपूर्ति कराने में प्रशासन लगा हुआ है। कोरोना की जंग में जिलेवासी भी एकजुट दिखाई दे रहे हैं। चौराहों पर लगे पुलिस कर्मी हर आने-जाने वाले पर नजर रख रहे हैं। बिना पूछताछ किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित कर रखा है। लॉकडाउन घोषित होने के बाद हर जगह पुलिस कर्मी मुस्तैद कर दिए गए हैं। जिले की सीमाओं को सील कर रखा गया है। जरूरी सामानों की आपूर्ति में लगे वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। उधर मेडिकल स्टोरों पर बदलते मौसम व बीमारी के कारण दवा लेने वालों की कतार भी लगी हुई देखी जा रही है।
शहर के हीरा सिंह मार्केट स्थित अरविंद मेडिकल स्टोर पर शुक्रवार को सुबह से एक किलोमीटर तक की कतार लगी रही। जिसको नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी लगाना पड़ा। वहीं प्रशासन द्वारा शहर व कस्बों के हर मोहल्लों में ठेलों के माध्यम से सब्जी व फल की आपूर्ति कराई जा रही है। किराना की दुकानों से घरों में जरूरी सामान और पराग, लक्ष्मी डेयरी, मदर डेयरी आदि के माध्यम से घर-घर तक दूध की आपूर्ति भी कराई जा रही है।
जिले के सभी स्वयंसेवी संगठनों द्वारा लॉकडाउन में लोगों तक भोजन पहुंचाने की पहल की जा रही है। लोगों के लिए पका भोजन और सूखे राशन के पैकेट उपलब्ध कराने के लिए अपर जिलाधिकारी जयचंद्र पांडेय के मोबाइल नंबर 9454417606 व सीवीओ डॉ. बलवंत सिंह के मोबाइल नंबर 9450451956 पर संपर्क किया जा सकता है। इन दोनों लोगों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।- शंभु कुमार, जिलाधिकारी, बहराइच
मटेरा बाजार के श्री आनंद जन सेवा संस्थान की टीम द्वारा मजदूरों को खाद्य सामग्री का वितरण किया गया है। संस्थान के अध्यक्ष व अखिल भारतीय ब्राह्मण युवक एकता परिषद के विवेक शुक्ला व अभय प्रताप शुक्ला द्वारा क्षेत्र के 50 मजदूर परिवारों को चावल, दाल, आटा, चीनी, नमक आदि के पैकेट का वितरण किया गया। साथ ही साबुन, हैंडीप्लास्ट व दस्ताने भी बांटे गए। इस दौरान गोलू गुप्ता, राजा गुप्ता, प्रदीप कश्यप, कमल ठाकुर, विकास गुप्ता, अमन गुप्ता आदि मौजूद रहे।