सोनवा क्षेत्र के मुजेहनिया निवासी मनोज कुमार की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन।
बहराइच/मिहींपुरवा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रोंं में हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद एक की हालत गंभीर देख चिकित्सकोंं ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
श्रावस्ती जिले के सोनवा क्षेत्र के मुजेहना निवासी मनोज कुमार यादव (25) मंगलवार को गोंडा गए थे। उनके साथ श्रावस्ती के ही कमोलिया गांव निवासी संदीप कुमार (26) भी सवार थे। रात में दोनों बाइक से लौट रहे थे। गोंडा-बहराइच हाईवे पर खुटेहना चौकी के पास इनकी बाइक में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकोंं ने मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं संदीप की हालत गंभीर देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार बाइकसवारोंं ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
वहीं बहराइच-गोंंडा मार्ग पर ही बाइक सवार पयागपुर के कोल्हुआ निवासी शिवम श्रीवास्तव व चिलवरिया निवासी शंकर अग्रवाल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया।
हादसों में मामा-भांजे सहित पांच घायल
मोतीपुर क्षेत्र के बलई गांव निवासी संदीप (25) मंगलवार को अचकवा निवासी अपने भांजे राज गौतम (17) के साथ बाइक से मिहींपुरवा बाजार गए थे। वहां से लौटते समय सर्राकला के पास सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को निजी वाहन से सीएचसी मोतीपुर भेजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार बाइक लेकर भाग गया। फखरपुर थाना क्षेत्र के कोठवल निवासी सत्रोहन यादव (45) बाइक से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेटे राजेश (19) व कैसरगंज के बदरौली निवासी सहजराम (46) के साथ जरवल गए थे। वहां से लौटते समय मंगलवार रात बहराइच-लखनऊ हाईवे पर जरवल कस्बा के पास उनकी बाइक में चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए, जिन्हेंं इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां सत्रोहन व सहजराम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। वहीं राजेश को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया।