नवाबगंज (बहराइच)। मायके में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोग महिला को सीएचसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
उधर दूसरा बाइक सवार हादसे के बाद भाग गया। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना अंतर्गत अशरफा बंजरिया गांव निवासी आमना बेगम (45) पत्नी शमीम अहमद अपने पुत्र मोहम्मद आलम के साथ बाइक से मायके जा रही थी।
नवाबगंज के बड़हरा गांव स्थित मायके में मां-बेटे वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बाइक सवार पड़ोहिया चौराहे के पास दोपहर एक बजे पहुंचे। तभी दूसरे बाइक सवार ने ओवरटेक करते हुए बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मां-बेटे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी ले जाया जा रहा था। लेकिन आमना ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग गया है। बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।