बहराइच। ग्राम पंचायत भखला गोपालपुर के मजरा मेहरी निवासी जिलेदार प्रजापति (22) की बाइक में शनिवार रात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल जिलेदार व उनके दोस्त विनोद वर्मा (23) को मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां जिलेदार की मौत हो गई। रामगांव पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामगांव थाना क्षेत्र के मेहरी निवासी रामदयाल ने बताया कि उनके भाई जिलेदार प्रजापति शनिवार की रात चंदपईया स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। उनके साथ उनके दोस्त विनोद भी बाइक पर सवार थे। सोतिया भट्टे के आगे नहर पुलिया पर उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर आई रामगांव पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां इलाज के दौरान जिलेदार की मौत हो गई। रामदयाल ने बताया कि मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। पोस्टमार्टम के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।
हादसे की जांच की जा रही है। परिजनोंं की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-राजकुमार पांडेय, थाना प्रभारी