कैसरगंज (बहराइच)। कैसरगंज तहसील प्रशासन ने बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान शुरू किया है। एक करोड़ 12 लाख नहीं जमा करने वाले एक बकायेदार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
कैसरगंज तहसील क्षेत्र में राजस्व वसूली में तेजी के साथ काम चल रहा है। वसूली जोरों पर होने के कारण बड़े बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं छोटे बकायेदार अमीनों से मिलकर अपना बकाया जमा करा रहे हैं। एसडीएम रामजीत मौर्या ने बताया कि तहसील क्षेत्र के सबसे बड़े बकायेदार ऐनी गांव निवासी शमसुद्दीन हैं।
उनके ऊपर व्यापार कर का लगभग एक करोड़ 12 लाख 64 हजार रुपये बकाया है। लेकिन काफी दिनों से नोटिस दिए जाने के बाद भी उनके द्वारा बकाया नहीं जमा किया जा रहा थो। अमीन के पहुंचने पर टालमटोल की जा रही थी। इसे देखते हुए शमसुद्दीन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीएम ने बताया कि बकायेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।