मिहींपुरवा। चकिया रेंज के संरक्षित वन क्षेत्र में जंगली सूअर का शिकार कर घर में उसका मांस पकाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने बुधवार को सर्राकला गांव में छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से करीब ढाई किलो अधभुना मांस व तीन जाल बरामद किए गए। पूछताछ में 12 अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। वन विभाग ने सभी 13 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वन क्षेत्राधिकारी चकिया वीके मिश्र को बुधवार को सूचना मिली कि सर्राकला गांव के कुछ लोगों ने संरक्षित वन क्षेत्र में जंगली सूअर का शिकार किया है। उसका मांस खाने और बिक्री के लिए लाया गया है। इस पर वन क्षेत्राधिकारी ने वन दरोगा अनुराग श्रीवास्तव, प्रतीक कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार, अभय वर्मा और अन्य वन कर्मियों की टीम गठित की।
टीम ने गांव में दबिश देकर कल्लू के घर की तलाशी ली। इस दौरान एक बर्तन में करीब 2.50 किलो अधभुना मांस मिला। कल्लू की निशानदेही पर शिकार में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन खाबड़ (जाल) भी बरामद किए गए। टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कल्लू ने अवैध शिकार में शामिल 12 अन्य लोगों के नाम बताए। इसके बाद वन विभाग ने कल्लू समेत 13 लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में वन अपराध दर्ज किया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।