गायघाट (बहराइच)। मटेही कला रोड पर मोतीपुर पुलिस ने एक तस्कर को तीन क्विंटल नेपाली मटर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मटर को पुलिस ने सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया है।
मोतीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्द्धन सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय, राजेश कुमार गुप्ता और सिपाही प्रविंद्र कुमार की अगुवाई में सभी मटेही कला मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप सवार आता दिखाई दिया। पुलिस नेे रोककर वाहन की तलाशी ली तो उसमें नेपाली मटर बरामद हुई। इस पर एसओ ने वाहन को मय सामान कब्जे में ले लिया।
पिकअप में छह बोरी में तीन क्विंटल नेपाली मटर बरामद हुई है। एसओ ने बताया कि बरामद मटर व वाहन को सीज कर कस्टम मिहींपुरवा के सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकीम निवासी चौधरी गांव ग्राम पंचायत बलई गांव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद मटर की कीमत लगभग 25 हजार रुपये है।