बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग क्षेत्र में तस्करी जोरों पर है। बीते दिनों गश्ती टीम ने तीन नाव और 30 बंडल बेंत बरामद किया था, लेकिन तस्कर भाग गए थे। रविवार को वन टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
कतर्नियाघाट में ट्रांस गेरुआ के जंगल से बेंत काटकर उसे संरक्षित क्षेत्र की गेरुआ व कौड़ियाला नदी के रास्ते नाव से लखीमपुर खीरी क्षेत्र में तस्करी की जाती है। इसकी भनक लगने पर बीते दिनों वन टीम ने मोटरबोट से छापा मारकर तीन नाव और 30 बंडल बेंत बरामद किया था। घटना के बाद से ही रेंजर आशीष गौंड के नेतृत्व में वन टीम तस्करों की तलाश कर रही थी। रविवार को गश्त के दौरान ट्रांस गेरुआ के जंगल से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। डिप्टी रेंजर मयंक पांडेय ने पकड़े गए आरोपी का नाम सुंदर है। अन्य तस्करोंं की तलाश की जा रही है। साथ ही ट्रांस गेरुआ जंगल में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।