बहराइच। कस्बा निवासी एक नाबालिग लड़की को प्रेम प्रसंग में आरोपी ने सात माह पूर्व जिंदा जला दिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जबकि प्रेमी झुलस गया था। उसका इलाज बहराइच में चल रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रेमी के स्वस्थ होने पर शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत मैना गांव निवासी शकील का प्रेम प्रसंग कस्बा निवासी 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से चल रहा था। सात माह पूर्व जून में प्रेमी ने प्रेमिका को अपने फर्नीचर की दुकान में बुला लिया। विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
प्रेमिका ने विवाह करने के लिए दबाव बनाने की बात कही तो नाराज प्रेमी शकील ने फर्नीचर की दुकान में उसे जिंदा जला दिया। इस घटना में प्रेमी भी झुलस गया था। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कालेज बहराइच रेफर किया गया। यहां पर मजिस्ट्रेट ने 90 प्रतिशत झुलसी नाबालिग लड़की के बयान दर्ज किए।
जबकि प्रेमी का इलाज बहराइच मेडिकल कालेज में चल रहा था। पुलिस ने शकील के विरुद्ध विभिन्न धाराओं मेें केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी के पूरी तरह स्वस्थ होने पर शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।