बहराइच। मौनी अमावस्या पर रविवार को सूर्योदय से पूर्व श्रद्धालुओं ने विभिन्न घाटों पर सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई। मंदिरों तथा में दर्शन, पूजन कर और दान दिया। यह सिलसिला दिनभर चलता रहा।
शहर के झिंगहाघाट तथा गोलवाघाट में सुबह से ही स्नान करने वालों का जत्था नदी घाटों पर पहुंच गया। लोगों ने स्नान के बाद अन्न, फल तथा वस्त्रों का दान किया। ज्यादातर लोगों ने खिचड़ी दान की। इस दौरान नदी घाटों पर मेले जैसा नजारा रहा। घरों में भी कुछ लोगों ने सत्यनारायण भगवान की कथा सुनकर खिचड़ी, तिल, गुड़ तथा वस्त्रों का दान किया।
हुजूरपुर प्रतिनिधि के अनुसार मौनी अमावस्या के अवसर पर क्षेत्र के सिपाही घाट, चलतुआ, लक्ष्मना, भंगहा, जगतापुर, महादेवा, गुलरिहा, सितौला, भेड़ियाथी, कटकाभगत साहब, भग्गड़वा आदि घाटों पर लोगों ने स्नान किया। इस अवसर पर लोगों ने तिल और गुड़ का दान भी किया।
रिसिया प्रतिनिधि के अनुसार मौनी अमावस्या को बंगला चक के कपूरे बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन व कथा सुनने वाले श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। यहां आयोजित मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए। मेले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। कपूरे बाबा मंदिर समिति के पदाधिकारी मेले की व्यवस्था में लगे रहे। इस मौके पर संजय जैसवाल प्रमुख प्रतिनिधि, सरोज कुमार सिंह, प्रभात गुप्ता, श्री राम गुप्ता, सुरेश प्रताप सिंह, राजेश तिवारी, हसीब अंसारी, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।