पंचायत चुनाव के पहले चरण में तीन विकासखंडों में मतदान हुआ था। इसमें महसी के एरिया मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान के लिए चुनाव आयोग ने आदेश जारी कर दिए हैं।
पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए नौ अक्तूबर को मतदान हुआ था। इसमें विकासखंड महसी, तेजवापुर और शिवपुर क्षेत्र में मतदान कराए गए थे। विकासखंड महसी के मतदान केंद्र 69 एरिया गांव में पीठासीन अधिकारी की ओर से लगभग 40 मतदाताओं को गलत मतपत्र का वितरण कर दिया गया था।
गलत मतपत्र बांटे जाने पर गांव के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया था। इसकी सूचना आरओ प्रमोद त्रिवेदी ने जिला निर्वाचन अधिकारी अभय और प्रेक्षक रेवाराम सिंह को दी थी।
प्रेक्षक ने यहां पर हुई गलती को लेकर चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज दी थी। जिस पर चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के तहत 13 अक्तूबर को होने वाले मतदान के साथ ही यहां पर भी पुनर्मतदान कराने का आदेश जारी कर दिया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एके कनौजिया ने बताया कि पुनर्मतदान के संबंध में आदेश मिले हैं। इसके लिए आरओ को निर्देश भेज दिए गए हैं।