जरवलरोड (बहराइच)। थाने के ठीक बगल में रखा एक ट्रांसफार्मर से बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों तेल की चोरी कर ली। जिससे क्षेत्र के चार सौ उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। मामले में अवर अभियंता की ओर से थाने पर तहरीर दी गई लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। थाने के बगल में रखे ट्रांसफार्मर से तेल की चोरी की घटना होने से चोरों ने पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दी।
जरवलरोड थाना के ठीक बगल में रखा 400 केवीए के ट्रांसफार्मर से क्षेत्र के चार सौ उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति की जा रही है। बीते बुधवार की देर रात कुछ अज्ञात चोरों ने पुलिस के रात्रि गश्त को धता बताते हुए ट्रांसफार्मर से तेल की चोरी कर आसानी से निकल गए। तेल चोरी होने से ट्रांसफार्मर से की जा जरवल बाजार के चार सौ उपभोक्ताओं के घरों व प्रतिष्ठानों में हो रही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
उपभोक्ता 20 घंटे से बिजली पानी को लेकर परेशान है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता दिनेश कुमार सिंह ने ट्रांसफार्मर की जांच की। अवर अभियंता सिंह ने जांच के बाद ट्रांसफार्मर से तेल की चोरी होने की पुष्टि करते हुए थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि जेई की तहरीर मिलने के बाद भी थाने की पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।