रूपईडीहा (बहराइच)। नवनिर्मित रूपईडीहा डिपो बस अड्डे का उद्घाटन 15 बसों के साथ शुरू किया गया था। उद्घाटन के दौरान परिवन मंत्री ने रूपईडीहा से विभिन्न रूटों पर और बसों के संचालन का आश्वासन दिया था। अब निगम प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बसों के संचालन की कार्ययोजना बनाते हुए रोडवेज बस अड्डे के बेड़े में 35 नई बसों को शामिल करने का निर्णय लिया है। सभी बसों का संचालन दो माह में शुरू कर दिया जाएगा।
भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रूपईडीहा से काफी संख्या में नेपाल के नागरिकों का आना-जाना रहता है। सीमावर्ती क्षेत्र नेपाली यात्रियों की आमद अधिक होने से यहां गैर प्रांतों के डग्गामार वाहन संचालक भी काफी सक्रिय थे। वाहन संचालक बसों के टूरिस्ट परमिट की आड़ में सवारियों से अधिक किराया वसूल कर गंतव्य तक पहुंचाने में जुटे हुए थे।
हालांकि यहां रोडवेज बस अड्डे का निमार्ण पहले से ही था, लेकिन बस अड्डा बहराइच रोडवेज प्रशासन की निगरानी में संचालित होने से व्यवस्थाएं परवान नहीं चढ़ पा रही थीं। कस्बावासी कई बार अंतरराष्ट्रीय सीमा होने के चलते यहां रोडवेज बस डिपो की मांग करते आ रहे थे। स्थानीय यात्रियों की मांग पर यहां रोडवेज बस अड्डे का पुनर्निर्माण कराकर इसका उद्घाटन 12 दिसंबर की देर रात को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया था। उद्घाटन के दौरान रोडवेज बस अड्डे से 15 बसों का संचालन शुरू किया गया था।
परिवहनमंत्री ने आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही रूपईडीहा रोडवेज बस अड्डे के बेड़े में अतिरिक्त बसों को शामिल कर लंबी रूटों तक बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। निगम प्रशासन की ओर से अब रूपईडीहा बस अड्डे के बेड़े में 35 नई बसों के शामिल करने की कार्ययोजना बनाई गई है। निगम प्रशासन ने कार्ययोजना को दो माह के अंदर परवान चढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। निगम प्रशासन की कार्ययोजना के बाद अब शीघ्र ही रूपईडीहा बस अड्डे से 50 बसों का संचालन विभिन्न मार्गों पर शुरू कर दिया जाएगा। बसों का संचालन शुरू होने के बाद सीमावर्ती नागरिकों को आवागमन में सहूलियतें मिलनी शुरू हो जाएंगी।
जनवरी माह तक 35 नई बसें होंगी शामिल
रूपईडीहा डिपो से मौजूदा समय 15 बसों का संचालन विभिन्न मार्गों पर किया जा रहा है। जनवरी माह के अंदर ही बस अड्डे के बेड़े में 35 नई बसों को शामिल कर दिया जाएगा। इसकी कार्ययोजना बनकर तैयार हो गई है। नई बसें मिलने के बाद रूटों का निर्धारण किया जाएगा। -आरएन वर्मा, नोडल अधिकारी रूपईडीहा डिपो