बहराइच। जिले में पेट्रोल-डीजल संकट के बीच कालाबाजारी बढ़ गई है। प्रशासन ने सोमवार को चार स्थानों पर छापा मार कर अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल बेच रहे चार लोगों के पास से कुल करीब 225 लीटर डीजल बरामद किया। सभी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि नवाबगंज के शंकरपुर जलालपुर में सोनू जायसवाल के यहां से 60 लीटर डीजल बरामद हुआ। वहीं, मिहींपुरवा के भगड़िया गांव में राम अवध के पास से 50 लीटर डीजल और 20 लीटर पेट्रोल के साथ मापक उपकरण मिले। मोतीपुर के निबिया रायबोझा में कृपा राम वर्मा के यहां से सात पिपिया में करीब 95 लीटर डीजल जब्त किया गया। वहीं, शिवपुर के गैल नयापुरवा में रियाज अहमद की दुकान से करीब 70 लीटर डीजल बरामद हुआ। सभी मामलों में जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।