बहराइच। मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जौहरा तथा ड्रग वेयर हाउस कल्पीपारा का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को जायजा लिया। उन्होंने स्टोर रूम की टूटी खिड़कियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रसूता महिलाओं को एंबुलेंस से घर पहुंचाने के निर्देश दिए।
चित्तौरा विकास खंड अंतर्गत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जौहरा का सीडीओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी प्रसूता महिलाओं को एंबुलेंस के माध्यम से उनके घरों तक पहुंचाया जाए। साथ ही निर्देश दिया गया कि मुख्य चिकित्साधिकारी से समन्वय कर अन्य सुविधाएं भी मानक के अनुसार उपलब्ध करायी जाएं। वीएचएनडी दिवस से संबंधित अभिलेखों को भी अद्यतन रखा जाय। इसके बाद सीडीओ ने कल्पीपारा में स्थित ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्देश दिये कि सभी एएनएम को निर्धारित मात्रा के अनुसार एमोक्सीलिन की आपूर्ति सुनिश्चित करायी जाए। साथ ही स्टोर रूम के सभी खिड़कियों की आवश्यक मरम्मत कराकर बंद रखा जाए। स्टोर में दवाओं को सही तरीके से रखा जाए।