बहराइच मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने के लिए लगी लाइन।
बहराइच। मौसम में बदलाव के साथ बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। इसका असर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी दिखाई दे रहा है। सोमवार को बारिश के बावजूद दोपहर 12 बजे तक 1590 मरीज भीगते हुए उपचार के लिए पहुंचे। इसके बाद भी मरीजों के आने का सिलसिला जारी रहा। सुबह से ही पर्चा काउंटर पर मरीजों और तीमारदारों की लंबी लाइन लगी रही। पैथोलॉजी और दवा वितरण काउंटर पर भी लोगों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन, हड्डी रोग और त्वचा रोग विभाग में सबसे अधिक भीड़ रही। चिकित्सकों के मुताबिक गर्मी और बारिश के मौसम में त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। इसके अलावा पेट दर्द, बुखार और सीने में जलन की शिकायत लेकर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मौसम में नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव को भी इसकी एक वजह माना जा रहा है।
सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। ओपीडी में पहुंचे सभी मरीजों की चिकित्सकों ने जांच कर उपचार किया और जरूरत के अनुसार दवाएं दी गईं। गंभीर मरीजों की आवश्यक जांच कराने के बाद उन्हें भर्ती किया गया।