बहराइच। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मौसम जनित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी हुई दिखाई दी। विशेषकर पेचिश, डिहाइड्रेशन, बुखार, खांसी, पेट दर्द और त्वचा रोग से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे। सीमावर्ती स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ अधिक रही, जबकि अन्य केंद्रों पर सामान्य संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं वितरित कीं और मौसम को देखते हुए स्वच्छता, पर्याप्त पानी पीने तथा संतुलित एवं सुपाच्य भोजन करने की सलाह दी।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार चौगड़वा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 53 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मुकीम अहमद ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण खांसी, बुखार, खुजली, पेचिश और पेट दर्द के मरीज अधिक पहुंचे। मेले में आफरीन, नियामत अली, शांति देवी, दिलीप, गोगे खान, पूनम, प्रियांशी, सुभाष सहित अन्य मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। पुरुषों के साथ महिलाओं और बच्चों की भी अच्छी संख्या रही।
रिसिया प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नर्सिंगडीहा में आयोजित जन आरोग्य मेले में डॉ. आनंद की देखरेख में 15 मरीजों का परीक्षण किया गया। यहां खांसी, बुखार और त्वचा रोग से पीड़ित मरीज अधिक पहुंचे। सभी मरीजों को निशुल्क दवा देने के साथ स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त पानी पीने और सुपाच्य भोजन करने की सलाह दी गई।
बाबागंज प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 40 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश गुप्ता ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया। मेले में मेडईलाल, इसरार, जगदीश, करिश्मा, आजाद गिरी, रेखा गिरी, रामरूप वर्मा, आवेश, प्रेम नारायण सहित कुल 40 मरीजों का पंजीकरण कर उपचार किया गया। सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि बरसात और उमस के मौसम में स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें, बासी भोजन से बचें तथा उल्टी-दस्त, तेज बुखार या डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।