बहराइच। अप्रैल में ही पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया है। चिलचिलाती धूप में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी बेहाल हैं। ऐसे में विद्यालयों का समय बदल दिया गया है। अब 20 अप्रैल से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। वहीं, गर्मी बढ़ने के साथ शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती भी बढ़ गई है। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। मंगलवार रात शहर में घंटों बिजली कटने से लोग बेहाल रहे। लो वोल्टेज की समस्या से भी निजात नहीं मिल रहा है।गर्मी बढ़ने के साथ बिजली विभाग के दावों की पोल खुलनी शुरू हो गई है। विभाग की ओर से दावा किया जाता है कि लोगों को निर्बाध बिजली की आपूर्ति 24 घंटे की जाएगी। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। शहर के मोहल्ला कानूनगोपुरा उत्तरी के निवासियों ने बताया कि मंगलवार रात अचानक बिजली गुल हो गई। जिससे मोहल्लेवासियों को कई घंटों तक घरों के बाहर व छतों पर रहना पड़ा।
सूफीपुरा निवासी संतोष, बडीहाट निवासी राज गुप्ता, ब्राह्मणीपुरा निवासी हर्षित मिश्रा, अमन, आकाश, सत्यम त्रिपाठी आदि लोगों ने बताया कि मंगलवार रात तीन घंटे बिजली नहीं रही। फत्तेपुरा निवासी विवेक त्रिपाठी, अर्पित अग्रवाल, अमन सोनी, अमन मायर आदि लोगों ने बताया कि रात लगभग 12 बजे बिजली कट गई, जो तीन बजे के आसपास आई। लोगों का कहना है कि प्रतिदिन सुबह के समय भी लगभग दो घंटे बिजली काटी जा रही है।
पुलिस लाइन निवासी अंकित का कहना है कि बिजली संकट इस गर्मी में ज्यादा परेशान कर रहा है। दोपहर और रात के समय बिजली कटौती ज्यादा परेशान करती है।
वहीं, बीते एक सप्ताह से परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक विद्यालय का समय बदलने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल की ओर से डीएम व बीएसए को ज्ञापन भी सौंपा गया था। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने परिषदीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन कर दिया है।
महसी क्षेत्र में 10 घंटे कटौती
महसी। महसी क्षेत्र में सुबह 9 से 10 बजे तक ही बिजली रहती है। इसके बाद कट जाती है। फिर शाम को 6 से 7 बजे आती है। इसके बाद रात में बिजली जाने-आने का सिलसिला लगातार चलता रहता है। भीषण गर्मी में लोगों का रहना मुश्किल हो जाता है। इस दौरान लोग ठंडे पानी व ठंडी हवा के लिए तरसते रहते हैं। लो वोल्टेज के कारण पंखे हवा नहीं दे रहे हैं।
अवर अभियंता उपखंड तहसील महसी बृजेश गुप्ता ने बताया कि 33 केवीए से सिर्फ ढाई घंटे कटौती करने का रोस्टर है। लेकिन तेज हवा चलने व गेहूं फसल कटाई के कारण दोपहर 12 से शाम 6 से तक कटौती की जा रही है। जैसे ही फसल कटाई पूरी हो जाएगी वैसे ही कटौती बंद कर दी जाएगी।
रिसिया में नौ घंटे की कटौती ने किया बेहाल
रिसिया। भीषण गर्मी से परेशान लोगों पर अघोषित बिजली कटौती बड़ी मुसीबत बन गई है। कटौती से लोगों की नींद उड़ गई है। रिसिया कस्बा निवासियों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही हर दो-दो घंटे पर बिजली कट जाती है। इस प्रकार नौ घंटे कटौती होने से लोग परेशान रहते हैं।
गर्मी से नहीं मिलेगी राहत
कृषि विज्ञान केंद्र प्रथम के प्रभारी डॉ. वीपी शाही ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। उन्होंने बताया कि आने वाले पांच दिनों में पारा और बढ़ने की आशंका है। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अभी पानी गिरने की कोई संभावना नहीं है।
जिले में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति की जा रही है। यदि कहीं समस्या है तो उनके संज्ञान में लाई जाए। शीघ्र ही उसका समाधान किया जाएगा।
- सुरेश कुमार, अधीक्षण अभियंता