जिला कारागार में आज से किया जाएगा प्रशिक्षित
बहराइच। कैदियों को हुनरमंद बनाने के लिए जिला कारागार में समय-समय पर संस्थाओं के माध्यम से कई तरह के प्रशिक्षण दिए जाते हैं। ताकि वह जेल से छूटने के बाद स्वयं का रोजगार कर अपना जीवन यापन कर सकें और अपराध की दुनिया से दूरी बनाकर आम जीवन जी सकें। अभियान के अंतर्गत जिला कारागार में बंद 35 पुरुष कैदियों के एक बैच को मंगलवार से मशरूम उगाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला कारागार प्रशासन ने बताया कि यह प्रशिक्षण दस दिनों तक चलेगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण इंडियन रूरल बैंक के माध्यम से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से दिलाया जाएगा। इसमें मशरूम का उत्पादन कर मशरूम के पापड़, अचार, टोस्ट, कूकीज, नूडल्स, खीर, ब्रेड, चकली आदि उत्पाद बनाए जा सकेंगे।
जेल अधीक्षक राजेश यादव ने बताया कि पिछले दिनों उद्योग केंद्र के माध्यम से 25 बंदियों को अचार, जैम, मुरब्बा आदि बनाने का प्रशिक्षण दिया गया था। समय-समय पर बंदियों के जीवन में सुधार के लिए जेल में ऐसे प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं।