बहराइच। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए समय सारिणी जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी कर दी है। यह चुनाव भी चार चरणों में होंगे।
16 नवंबर से ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन शुरू हो जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अभय ने बताया कि ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सात नवंबर को चुनाव आयोग अधिसूचना जारी करेगा।
इसके बाद आठ व नौ नवंबर को जिले में अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके तहत पहले चरण का नामांकन 16 व 17 नवंबर को होगा, जबकि मतदान 27 नवंबर को होगा।
दूसरे चरण का नामांकन 19 व 20 नवंबर और मतदान एक दिसंबर को होगा। तीसरे चरण के लिए 21 व 23 नवंबर को नामांकन व पांच दिसंबर को मतदान होगा।
अंतिम चरण के लिए 27 व 28 नवंबर को नामांकन किया जाएगा, जबकि नौ दिसंबर को मतदान होगा। डीएम ने बताया कि मतगणना का काम 12 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर शुरू हो जाएगा।