बेगमपुर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण करतीं नोडल अधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। जिले की नोडल अधिकारी अपर मुख्य सचिव, राजस्व एवं बेसिक शिक्षा विभाग रेणुका कुमार ने जनपद दौरे के दूसरे दिन ब्लॉक चित्तौरा व शिवपुर में कस्तूरबा स्कूलों का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने शिवपुर में प्रकाश की सही व्यवस्था नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
नोडल अधिकारी ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर व ब्लॉक शिवुपर में स्थित बेहड़ा शिवपुर आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्राओं के रहने के लिये की गयी व्यवस्था, कक्षा, सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों, आवासीय विद्यालयों की बाउंड्रीवाल, शौचालय, कंप्यूटर कक्ष सहित अन्य उपकरणों व रसोई आदि का जायजा लिया। वहीं मौके पर मौजूद वार्डेन से भी जानकारी ली।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर के निरीक्षण में वार्डेन से सीसीटीवी के बारे में पूछा और उन्हें चलवाकर भी देखा। कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाये। इसके बाद नोडल अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेहड़ा शिवपुर का निरीक्षण किया।
विद्यालय की संचालनकर्ता संस्था महिला समाख्या को निर्देश दिया कि परिसर में प्रकाश की माकूल व्यवस्था की जाय। अपर मुख्य सचिव ने नारी अदालत लौकिहा शिवपुर, अलीनगर कलां की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भेंट कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। शिवपुर से नानपारा वापस आते समय हुए सड़क हादसे को देखकर नोडल अधिकारी ने मौके पर रुक कर घायल व्यक्ति को बीएसए की गाड़ी से सीएचसी नानपारा भिजवाया। निरीक्षण के समय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके तिवारी, सीडीपीओ विशेश्वरगंज दीपा गुप्ता आदि अधिकारी मौजूद रहे।