बहराइच। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि सांसद ने विधायक पयागपुर व अधिकारियों के साथ सब्जियों से उकेरी गई रंगोली, पोषण प्लस सेल्फी प्वाइंट तथा हरी सब्जियों से तैयार किये गये व्यंजनों के स्टाल का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान सभी लोगों ने कुपोषण को खत्म कर बहराइच को देश में नई पहचान दिलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद अक्षयवर लाल गोंड, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, डीएम शंभु कुमार, सीडीओ कविता मीना ने कहा कि आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में कुपोषण बड़ी समस्या है। जिसे बाल विकास, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, खाद्य एवं आपूर्ति, शिक्षा, उद्यान एवं कृषि विभाग के समन्वित प्रयास से बच्चों, किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाकर दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि कुपोषण की समस्या के निदान के लिए जन सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान सांसद, विधायक, डीएम व सीडीओ को भी पौधा भेंट किया गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट जय प्रकाश, डीडीओ राजेश कुमार मिश्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बलवंत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी जीडी यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
सांसद ने महिला को दी गाय
राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ पर प्रोजेक्ट पोषण प्लस का भी आगाज हुआ। पोषण माह सितंबर अंतर्गत कुपोषित परिवारों को प्रोजेक्ट पोषण प्लस के तहत माह के 30 दिनों में 30 गाय, 300 पेड़ व हरी सब्जियों के बीज के 300 किट अलग-अलग विभागों के सहयोग से वितरित किये जायेंगे। इस मौके पर सांसद अक्षयवर लाल गोंड व विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी ने विधिवत गौ पूजन के बाद विकास खंड तेजवापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत शेखदहीर की लाथार्थी अनीता पत्नी माने को गाय, पौधे व हरी सब्जी के बीजों की किट की।
पोषण किट व पौधे भी दिए
सांसद अक्षयवर लाल गोंड, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, जिलाधिकारी शंभु कुमार व सीडीओ कविता मीना ने संयुक्त रूप से लाल श्रेणी के 9 बच्चों के अभिभावकों को पोषण किट तथा सहजन, गुलाचीन व आंवला के पौधे बांटे। इस दौरान विकास खंड चित्तौरा की मुन्नी पत्नी भूरे व लक्ष्मी पत्नी सोनू, नगर क्षेत्र मोहल्ला नाजिरपुरा पश्चिमी की छल्लो पत्नी इरशाद व साजिया पत्नी मोहम्मद इस्माइल, ब्लाक फखरपुर अंतर्गत ग्राम अकबरपुर बुजुर्ग के मनोज सिंह व धरवाशा की संजू, ब्लॉक तेजवापुर के ग्राम शेख दहीर की अनीता पत्नी माने, सिसई हैदर की शिवानी पत्नी संतोष व पुष्पा पत्नी शिव कुमार को पोषण किट व पौधे बांटे।