नानपारा (बहराइच)। क्षेत्र के 31 डाकघरों में नेटवर्क नहीं होने से डेढ़ लाख खाताधारकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसमें प्रधान डाकघर भी शामिल है। लोग पैसे का लेनदेन करने के लिए डाकघर के चक्कर काट रहे हैं। अधिकारी नेटवर्क न होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पलड़ा झाड़ ले रहे है।
नानपारा के प्रधान डाकघर के अधीन शवपुर, खैरीघाट, मिहींपुरवा, सुजौली, चफरिया, गिरजापुरी, गंगापुर, रुपईडीहा, गायघाट, बाबागंज समेत 31 डाकघर है। पिछले 12 दिनों से डाकघरों का नेटवर्क गायब है। नेटवर्क नहीं होने से कैश लेनदेन, एनएससी, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट समेत डाकघर में होने वाले लगभग सभी कार्य प्रभावित हैं।
खाताधारक अपने काम को लेकर सुबह से ही डाकघर पहुंच रहे है, लेकिन नेटवर्क नहीं होने के कारण निराश होकर लौटना पड़ रहा है। प्रधान डाकघर नानपारा के पोस्ट मास्टर अजय वर्मा ने बताया कि 12 नवंबर को डाकघर का राउटर जल गया था। उसे सही करवा दिया गया है, लेकिन नेटवर्क की समस्या नहीं ठीक हो सकी है। हेड ऑफिस बहराइच व मंडल ऑफिस को जानकारी दे दी गई है। जल्द ही समस्या से निजात मिल जाएगी।